अगर आप किसी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं और रोजाना वहां से गुजरते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने डिजिटल FASTag Local Pass की सुविधा देश के 121 टोल प्लाजा तक बढ़ा दी है। अब पात्र लोग घर बैठे Rajmargyatra मोबाइल ऐप के जरिए मंथली Local Pass के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस डिजिटल सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने या फिजिकल वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। पात्रता पूरी होने पर आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी की जा सकेगी।
यह Local Pass संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए है। पास मिलने के बाद आवेदक पूरे महीने उस टोल प्लाजा से अनलिमिटेड यात्रा कर सकेगा। इससे रोजाना नौकरी, पढ़ाई या अन्य काम के लिए टोल प्लाजा से आने-जाने वाले लोगों को फायदा होगा।
डिजिटल Local Pass की शुरुआत जुलाई 2026 में दिल्ली के Urban Extension Road-II (UER-II) स्थित Mundka-Bakkarwala टोल प्लाजा से हुई थी। अब इसका विस्तार 121 टोल प्लाजा तक कर दिया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, आने वाले महीनों में इस सुविधा को और टोल प्लाजा तक बढ़ाया जाएगा।
पात्रता की जांच DigiLocker, VAHAN और GIS आधारित सिस्टम के जरिए की जाएगी। आवेदक की सहमति से उसके रिहायशी पते, वाहन, FASTag और टोल प्लाजा से दूरी से जुड़ी जानकारी सत्यापित की जाएगी। GIS के जरिए यह भी जांच होगी कि आवेदक का रजिस्टर्ड पता संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं।
अपने आसपास किन टोल प्लाजा पर डिजिटल Local Pass की सुविधा उपलब्ध है, इसकी जानकारी Rajmargyatra पोर्टल पर मौजूद सूची से ली जा सकती है।
