August 19, 2026
BIHAR

लगातार हो रही बारिश के बावजूद सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में आयोजित मानसून ट्रेड फेयर के दूसरे दिन लोगों, खासकर महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। चैंबर भवन में लगे विभिन्न स्टॉलों पर शहरवासियों ने पहुंचकर महिला उद्यमियों के उत्पादों की जानकारी ली और जमकर खरीदारी की।मेले में महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हाथ से बनी आकर्षक मोमबत्तियां, युवा महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए बैग और घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुओं को लोगों ने खूब पसंद किया। महिलाओं ने एक-एक स्टॉल का भ्रमण कर उत्पादों की खरीदारी की और उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया। सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने बताया कि खराब मौसम और लोगों की मांग को देखते हुए मेले की अवधि एक दिन बढ़ाई गई है। अब मानसून ट्रेड फेयर 19 अगस्त को भी जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से 19 अगस्त को सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक चैंबर भवन पहुंचकर महिला उद्यमियों के उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की।

चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना चैंबर की प्राथमिकताओं में शामिल है। ट्रेड फेयर के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। बारिश के बावजूद लोगों की मौजूदगी महिला उद्यमिता के प्रति बढ़ते समर्थन को दर्शाती है। महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि मेले में महिला उद्यमियों के उत्पादों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अंतिम दिन अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। सचिव भरत मकानी ने कहा कि चैंबर के मानसून ट्रेड फेयर को लोगों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।

मेले की संयोजक सुमन नागेलिया ने बताया कि महिलाओं की विशेष मांग पर मेले की अवधि एक दिन बढ़ाई गई है। उन्होंने शहरवासियों से सपरिवार मेले में पहुंचकर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की अपील की। इस दौरान स्टॉलधारक महिलाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए एनएसआईसी के जोनल हेड मनोज मोहन सिन्हा, पद्म विभूषण से सम्मानित पर्वतारोही प्रेमलता अग्रवाल, जलाराम सत्संग मंडल के प्रमुख गुणवंत भाई पारीख, गुजराती सनातन समाज की विनीता साह और कृषि उत्पादन बाजार समिति के दीपक भालोटिया सहित अन्य लोग पहुंचे। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समन्वयक सुमन नागेलिया सहित चैंबर के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *