धरौड़ा महादलित बस्ती में शराब तस्कर समर्थकों ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर तस्कर को छुड़ा लिया. हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. घटना शनिवार देर शाम की है. घायल सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के आवेदन पर बहेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें एक महिला सहित तीन लोगों को नामजद किया गया है.
सअनि ने कहा है कि गुप्त सूचना पर शराब तस्कर के यहां छापेमारी करने के लिए सअनि सतीश कुमार, महिला सिपाही शांभवी रानी, दीपक कुमार, छोटी कुमारी व मनीष कुमार के साथ थाना से निकले. इसी बीच पता चला कि धरौड़ा दलित टोल के बगल गाछी में शराब रखकर बिक्री की जा रही है. जानकारी मिलते
ही वहां पहुंचा. वहां धरौड़ा मुसहरी निवासी अवध सदा एक बोरी में शराब लेकर भागता दिखा. पुलिस ने उसे आठ लीटर चुलाई देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. उसकी गिरफ्तारी होते ही अवध सदा का बेटा रमणजी सदा, पत्नी आभूषि देवी सहित चार-पांच अन्य व्यक्तियों ने लाठी-डंडे से पुलिस पर हमला करते हुए उसे छुड़ा लिया. कारोबारी के समर्थकों के हमले से सअनि
विनोद कुमार मिश्र, सतीश कुमार व महिला सिपाही शांभवी जख्मी हो गयी. हमलावरों के तेवर देख छापेमारी दल ने जैसे-तैसे वहां से भागकर जान बचायी, सभी जख्मियों को अनुमंडलीय अस्पताल में लाया गया. बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. फिलहाल सभी अभियुक्त घर छोड़कर फरार हैं.
