April 29, 2026
WhatsApp Image 2026-04-29 at 10.06.39 AM (1)

पटना के राजाबाजार स्थित पारस एचएमआरआई हॉस्पिटल में सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे एक किशोर की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मौत के बाद परिजन शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे और पथराव किया। पथराव में अस्पताल के शीशे, गमले टूट गए। वहीं पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। प्रदर्शन के कारण नेहरू पथ की एक लेन डेढ़ घंटे तक जाम रही। हंगामा की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी लोगों ने हाथापाई की। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार में लापरवाही बरती गई। बाद में पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर वहां से हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस बाबत फुलवारी में हत्या का मामला दर्ज किया गया। वहीं तोड़फोड़ मामले में शास्त्रीनगर में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित रिटायर दारोगा के पुत्र रजनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। रूपसपुर थाना क्षेत्र के महुआबाग टहलटोला में बिहारशरीफ निवासी ऋषि कुमार का 15 वर्षीय विशाल कुमार रविवार को दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। परिजनों का आरोप है कि एक रिटायर्ड दारोगा के बेटे से किसी बात पर विवाद हो गया। उसने विशाल के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। इससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसे तुरंत पारस अस्पताल लाया गया तथा आईसीयू में भर्ती कराया गया। सोमवार को किशोर की मौत होने के बाद परिजन भड़क गए। उनका आरोप था कि बच्चे की मौत हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी केवल पैसा लेने के लिए उसे आईसीयू में रखा गया।

हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें उपचार को लेकर की गई व्यवस्था के बारे में समझाने की भरपूर कोशिश की गई, लेकिन परिजन नहीं माने। विशाल इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं। टहलटोला में ननिहाल है और वहीं पर रहता था।
परिजन और उनके साथ आए लोगों ने किशोर की मौत के बाद अस्पताल के शीशे, गमले और अन्य समान को तोड़ने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। पथराव होता देखकर वहां भगदड़ की स्थिति हो गई। लोगों का अस्पताल प्रशासन के प्रति गुस्सा इतना था कि सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी हाथापाई करने लगे। कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आई है। अंत में पुलिस को पीछे हटना पड़ा। जिला नियंत्रण कक्ष की सूचना पर पारस हॉस्पिटल के पास अतिरिक्त पुलिस बल को भेजा गया। व्रज वाहन भी मंगा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *