April 29, 2026
image (1)

शादी समारोह के दौरान नाबालिग की ओर से गई हर्ष फायरिंग में चार वर्षीय बच्ची की पेट में गोली लगने से मौत हो गई। बच्ची रिश्तेदार के घर शादी समारोह में आई थी और छत पर सोई थी। सिंदूरदान के समय नाबालिग छत पर चढ़कर गोली चला रहा था। बच्ची की पहचान डोमन बिगहा गांव के पिंटू प्रसाद की पुत्री सौम्या कुमारी के रूप में हुई।

उसके चाचा ने पांच लोगों राहुल कुमार, संतोष कुमार, सच्चू प्रसाद तथा नाबालिग व उसकी मां के खिलाफ प्राथमिकी कराई है। नाबालिग को विधि निरुद्ध कर लिया गया है। घटना के बाद आनन-फानन में वर और वधू को विदा कर दिया गया। स्वजन के अनुसार, आश्रयपुर गांव में सच्चू प्रसाद यादव की बेटी की सोमवार की रात शादी थी। सुबह पांच बजे सिंदूर दान के समय नाबालिग छत पर चढ़ गया। उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान छत पर सोई बच्ची सौम्या कुमारी के पेट में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
आरोपित ने लगभग 10 राउंड फायरिंग की। वह खोखे लेकर फरार हो गया। दोनों पक्षों ने किसी तरह शादी की रस्में पूरी कीं और वर-वधू की विदाई कर दी। इसके बाद घर के सभी सदस्य फरार हो गए। गांव वालों का कहना है कि नाबालिग शराब के नशे में रहता था और कमर में कट्टा लेकर घूमता था। बच्ची के स्वजन और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लड़की के भाई ने नाबालिग को सिंदूर दान के समय हर्ष फायरिंग के लिए बुलाया था। बरात नालंदा के सिलाव से आई थी। बच्ची सौम्या अपने पिता पिंटू प्रसाद की बुआ की पोती की शादी में अपनी मां के साथ आई थी। पिंटू प्रसाद गुजरात में निजी फैक्ट्री में काम करते हैं।

घटना के बाद बच्ची की मां की हालत बिगड़ गई, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। बच्ची की मौत के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया।

घर में बिखरा सामान इस दुखद घटना की कहानी बयां कर रहा था। यहां-वहां नाश्ते के पैकेट बिखरे पड़े थे। बरात में आए लोग डरे सहमे थे। बच्ची की मौत के बाद बरातियों और सरातियों में भगदड़ मच गई। भागदौड़ में कई के जूते-चप्पल छूट गए। घटना स्थल से खून के धब्बे मिटाने का प्रयास किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाबालिग शराब के नशे में छत पर चढ़कर फायरिंग कर रहा था। थानेदार अमित कुमार ने बताया कि पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *