July 23, 2026
BIHAR

मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से जाम पड़ी नालियों की सफाई का कार्य शुरू हो गया है। मेयर सुधा गुप्ता की पहल पर टाटा स्टील प्रबंधन से हुई वार्ता के बाद जुस्को ने विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया है। अभियान के तहत मशीनों और सफाईकर्मियों की मदद से नालियों में जमा गाद, कचरा व अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं, ताकि बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारु हो सके।

मेयर सुधा गुप्ता ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जुस्को अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कार्य केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि सभी प्रभावित क्षेत्रों की नालियों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मानगो की जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और टाटा स्टील प्रबंधन के सहयोग से सड़क, जलापूर्ति, सफाई व अन्य बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार के प्रयास जारी रहेंगे।

स्थानीय लोगों ने अभियान शुरू होने पर संतोष जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि इससे जलजमाव और गंदगी की समस्या में काफी कमी आएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के प्रबंधक निशांत कुमार, जुस्को के अधिकारी जगन्नाथ महापात्र समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *