August 27, 2026
bihar

कनाडा के उच्चायोग के वाणिज्यिक मंत्री एड जेगर ने बुधवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर का दौरा किया। इस दौरान भारत और कनाडा के शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान संगठनों तथा उद्योगों के बीच अनुसंधान, विकास और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री जेगर ने सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी तथा वैज्ञानिकों के साथ बैठक कर विशेष रूप से महत्वपूर्ण धातुओं के निष्कर्षण, पुनर्प्राप्ति और पुनर्चक्रण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों के लिए रणनीतिक महत्व रखने वाले इस क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान और तकनीकी विकास की संभावनाओं पर जोर दिया गया। दौरे के दौरान श्री जेगर ने महत्वपूर्ण धातुओं से संबंधित सीएसआईआर-एनएमएल में विकसित नवीन अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रयोगशाला के युवा वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से संवाद कर उनके अनुसंधान कार्यों की जानकारी ली तथा तकनीकी योगदान की सराहना की।

सीएसआईआर-एनएमएल का यह दौरा महत्वपूर्ण धातुओं, उन्नत सामग्री और सतत संसाधन पुनर्प्राप्ति के क्षेत्र में भारत-कनाडा सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। इससे संयुक्त अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास और उद्योगों की भागीदारी के लिए नए अवसर बनने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *