भागलपुर की जोगसर थाना पुलिस ने दीपनगर चौक के पास मंगलवार को एक घर में छापेमारी कर 650 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार और रेखा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा बड़ी मात्रा में पॉलीथिन, नकद रुपये और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को जोगसर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपनगर चौक निवासी मनोज ठाकुर के घर पर अवैध रूप से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले उसका सत्यापन कराया। सूचना सही पाए जाने पर जोगसर थाना पुलिस की टीम ने संबंधित घर पर छापेमारी की।
SP ने बताया कि छापेमारी के दौरान तलाशी लेने पर 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 1.400 किलोग्राम पॉलीथिन, 1700 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगा। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया और मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि मामले में गिरफ्तार मनीष कुमार और रेखा देवी के खिलाफ जोगसर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
SP ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शहर में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से सूचना एकत्र करने के साथ-साथ संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। इसी अभियान के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर जोगसर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
