June 2, 2026
image (6)

पटना में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें बदमाशों ने स्मार्ट मीटर अपडेट करने का झांसा देकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.78 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को फर्जी लिंक भेजकर पहले 100 रुपये का रिचार्ज कराया गया और फिर मोबाइल हैक कर पूरी रकम साफ कर दी गई. पटनासिटी के रहने वाले मो. कमाल अहमद को अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें बदमाशों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर कहा कि उनका स्मार्ट मीटर अपडेट करना जरूरी है. इसके लिए केवल 100 रुपये का रिचार्ज करना होगा. ठगों ने पीड़ित को एक लिंक भेजा और उसी के जरिए 100 रुपये का रिचार्ज करने को कहा. जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक कर भुगतान किया, बदमाशों ने उनके मोबाइल को हैक कर लिया और बैंक खाते तक पहुंच बना ली.
मोबाइल हैक होते ही बदमाशों ने खाते से 1.78 लाख रुपये की निकासी कर ली. पीड़ित को जब तक कुछ समझ आता, तब तक पूरी रकम गायब हो चुकी थी.
घटना के बाद मो. कमाल अहमद ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फर्जी लिंक व नंबर की ट्रेसिंग की जा रही है.
साइबर थाना पुलिस के अनुसार, बिजली मीटर अपडेट करने के नाम पर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. लगभग रोजाना ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें लोग झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा देते हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें. बिजली विभाग या किसी भी सरकारी सेवा के नाम पर आने वाले ऐसे संदेश पूरी तरह फर्जी हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *