वाहन चेकिंग में पुलिस का पिस्तौल व मोबाइल छीनकर भागे बदमाश द्वारा छापेमारी में मुठभेड़ पर पैर में गोली लगने से मंगलवार की देर रात एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश स्थानीय कुर्बन पंचायत के वार्ड 4 निवासी लालो सदा का 20 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार बताया जा रहा है। घटना में घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रांत पुलिस कुर्बन पंचायत के अपशिष्ट संग्रहण केंद्र के निकट वाहनों की जांच कर रही थी। इसी क्रम में तीन की संख्या में बाइक सवार बदमाश अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि पुलिस ने वाहन रोककर जांच करने की कोशिश की, लेकिन गिरफ्तार बदमाश पुलिस से उलझकर दारोगा राहुल कुमार का पिस्टल, मोबाइल एवं टोपी छीनकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने लूटी गई मोबाइल, टोपी एवं पिस्टल की बरामदगी कर ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान गिरफ्तार बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली अपराधी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने हिरासत में लेकर इलाज के लिए पहले बेलदौर पीएचसी में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार की सुबह एसपी भानुप्रताप घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया है। पुलिस की लूटी गई पिस्टल व मोबाइल बरामद कर ली गई है। नागरिक सुरक्षा को लेकर रात में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाता है। कानून का सम्मान सभी को करना चाहिए। पुलिस को चुनौती देने पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
