हाजीपुर में निगरानी विभाग की टीम ने अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय के एक क्लर्क को 2 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के एक दुकानदार से काम कराने के एवज में घूस मांगने के आरोप में हुई है।
गिरफ्तार क्लर्क की पहचान सुमन सौरभ के रूप में हुई है। निगरानी टीम ने उसे हाजीपुर अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय परिसर से ही पकड़ा। लालगंज के जनवितरण दुकानदार किशन कुमार ने सुमन सौरभ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। क्लर्क सुमन सौरभ ने रिश्वत की मांग की थी निगरानी डीएसपी सतीश चंद्र माथुर ने बताया कि दुकानदार किशन कुमार की जनवितरण प्रणाली की दुकान को हाजीपुर एसडीओ ने निलंबित कर दिया था।
न्यायालय से निलंबन वापस लेने का आदेश मिलने के बाद, फाइल को आगे बढ़ाने के लिए क्लर्क सुमन सौरभ ने रिश्वत की मांग की थी।
दुकानदार किशन कुमार ने रिश्वत देने के बजाय निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।
शिकायत मिलने के बाद, निगरानी टीम ने एक जाल बिछाया। जैसे ही क्लर्क सुमन सौरभ ने दुकानदार से 2 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद, निगरानी टीम क्लर्क सुमन सौरभ को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
