पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 508.66 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की इस मंजूरी के बाद जिले की दो प्रमुख राष्ट्रीय सड़कों के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है।
इस राशि से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 14 के तहत भीमगढ़ से नलहाटी तक 91.90 किलोमीटर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 114 के तहत सुरुल से मल्लारपुर तक 56.40 किलोमीटर सड़क के विस्तार का काम किया जाएगा।
सड़क चौड़ीकरण के अलावा दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य भी किए जाएंगे। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होने, जाम कम होने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मंजूरी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से यातायात सुगम होगा और लोग कम समय में अधिक दूरी तय कर सकेंगे। इससे गांवों और शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार को गतिशक्ति परियोजना के उद्देश्यों से जोड़ते हुए सड़क सुरक्षा बढ़ाने के साथ सार्वजनिक परिवहन और माल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने केंद्रीय मंत्री के संदेश को साझा करते हुए केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर और सुगम सड़क संपर्क सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले वर्षों में पश्चिम बंगाल विकास के मामले में पिछड़ गया था और राज्य को पर्याप्त केंद्रीय सहायता नहीं मिल सकी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 508.66 करोड़ रुपये की इस राशि से बीरभूम में सड़क परियोजनाओं का काम तेजी से आगे बढ़ेगा और इसका लाभ आम लोगों के साथ व्यापार एवं परिवहन क्षेत्र को भी मिलेगा।
