January 23, 2026
news 2

सर्व धर्म समभाव की पावन भूमि राजगीर में गुरुवार को भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शोरिंग तोबगे ने बड़‌वाल भूटान मोनेस्ट्री का उ‌द्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।उद्घाटन के बाद भूटान के पीएम ने पूजा-अर्चना की और ध्यान में लीन होकर मंदिर परिसर में समय बिताया। अनुष्ठान की प्रक्रिया बौद्ध धर्म गुरु जे खेपों के नेतृत्व में संपन्न हुई।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे भारत और भूटान के गहरे आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक रिश्तों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राजगीर केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का एक महत्वपूर्ण बौद्ध केंद्र है। यह क्षण भारत और भूटान दोनों के लिए ऐतिहासिक है। इस पवित्र भूमि पर आकर हर कोई धन्य महसूस करता है। शिक्षा मंत्री ने सीएम नीतीश कुमार का संदेश पढ़कर सुनाया।

उन्होंने बताया कि सीएम ने मोनेस्ट्री का शिलान्यास किया था, लेकिन निजी कारणों से उद्घाटन में उपस्थित नहीं हो सके। मंत्री ने इसे भारत-भूटान की मित्रता को और गहरा करने वाला क्षण बताया। कार्यक्रम में भूटान के पारंपरिक नृत्य-गीत्तों की अद्भुत प्रस्तुतियां हुईं, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति और उत्सवी रंग से सराबोर कर दिया। राजगीर में निर्मित यह भव्य भूटानी बौद्ध मंदिर न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रत्तीक बनेगा, बल्कि भारत-भूटान की मित्रता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *