April 16, 2026
WhatsApp Image 2026-04-16 at 11.30.47 AM

कटिहार जिले के कदवा प्रखंड का भोगांव गांव बुधवार की देर शाम हुई गोलीबारी के बाद सुलग उठा।
बाइक और साइकिल सवार के बीच हो रहे विवाद के दौरान हुई गोलीबारी से दादी और पोती के घायल होने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपित सुनील साह के बगीचे में बने आवास में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव स्थित उसके घर को घेर लिया। घटना की सूचना पर पांच थानों की पुलिस गांव पहुंची, लेकिन आक्रोशितों के आगे उनकी एक नहीं चली।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या तीन में सुनील साह के घर के सामने बाइक सवार और साइकिल सवार के बीच टक्कर हो गई थी, जिस पर दोनों एक दूसरे से उलझ गए।
इसी दौरान बाइक सवार युवक की दादी जानकी देवी (60) और छोटी बहन अनुष्का कुमारी (11) भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। दोनों सिरवा मेला से घर लौट रही थीं।
विवाद का निपटारा हो ही रहा था कि सुनील साह घर से निकला और अपने घर के सामने झगड़ा करने के आरोप में अपशब्द बोलते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोली जानकी देवी को घुटने से ऊपर और पोती के शरीर के पिछले हिस्से में लगी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद स्वजन और ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज ले गए, जहां से हालत नाजुक देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *