April 29, 2026
image (6)

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तेलिया तालाब के समीप सोमवार को एक अनियंत्रित कार गलत दिशा में जाकर सड़क किनारे स्थित एक गैरेज में घुस गई और वहां काम कर रहे तीन लोगों को रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों की पहचान मिन्नत नगर निवासी मु. शाहिद उर्फ टिंकू, बनौदा निवासी मु. अरमान आलम और नया रामनगर थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी निवासी राजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों रोज की तरह गैरेज में काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सीधे उनके ऊपर चढ़ गई। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। गुस्साए ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और पुलिस के सामने ही उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने मुंगेर-भागलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है।
इधर, हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। कार के फरार चालक और अन्य सवारों की पहचान शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपितों तक जल्द पहुंचा जा सके। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल में तीन परिवारों के सहारे छिन गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *