बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद पुलिस ने एनकाउंटर किया है। इस एनकाउंटर में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव ढेर हुआ है। अब इस एनकाउंटर की पूरी कहानी सामने आई है। यह पता चला है कि ईओ हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को देखते ही रामधनी ने गोली चला दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उसे ढेर किया है। सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त और नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी के पति रामधनी यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। अभियुक्त के साथ मुठभेड़ में पुलिस के तीन पदाधिकारी भी जख्मी हुए हैं जिनमें डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार, सुल्तानगंज इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार और तकनीकी शाखा प्रभारी परमेश्वर सब शामिल हैं। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने घटना को लेकर बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या और नगर परिषद सभापति को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस की टीम घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही थी। इस दौरान दो अभियुक्त पकड़े गए उसकी ही निशान देही पर पुलिस की टीम अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी को लेकर पहुंची थी। पुलिस के पहुंचते ही रामधनी ने पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी इसके बाद आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने भी गोली चलाई जो रामधनी को लगी। जख्मी अभियुक्त और तीनों पुलिस पदाधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया। जख्मी हुए तीनों पुलिस पदाधिकारियों का मायागंज स्थित अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
