June 11, 2026
EDUCATION

उपायुक्त  राजीव रंजन की अध्यक्षता में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस,  परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क, विद्युत विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ एनटीए एवं परीक्षा केन्द्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिला अंतर्गत 6 शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां चार हजार से ज्यादा परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00-05:15 बजे तक होगी । परीक्षार्थियों को 11:00 बजे से 01:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी, इसके पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा । परीक्षा का आयोजन 1. लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह 2. को-ऑपरेटिव कॉलेज 3. वीमेन्स यूनिवर्सिटी जमशेदपुर 4. द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स 5. राजकीय आदिवासी हाई स्कूल सीतारामडेरा 6. एलबीएसएम कॉलेज गोलमुरी में किया जाएगा।     

उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ क्राउड मैनेजमेंट, शहर में सुगम यातायात व्यवस्था एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने एवं सुगम यातायात हेतु मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग की जाएगी तथा परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा संचालन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु इनविजिलेटर के रूप में केवल सरकारी कर्मियों की ही प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही, परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज कर सील कर दिया जाएगा। विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया । 

बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उप समाहर्ता, डीआईओ, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ट्रैफिक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *