नगर स्थित सेंट्रल बैंक के ऊपर स्थित एलआइसी कार्यालय में शुक्रवार की शाम चार बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब कार्यालय में तैनात गार्ड प्रवीण कुमार की लोडेड दो नाली बंदूक से अचानक गोली चल गई। घटना में पिपरिया निवासी 40 वर्षीय उपेंद्र चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गोली उनके पेट और हाथ में लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
जख्मी के रिश्तेदार एवं एलआइसी एजेंट राणा प्रताप चौधरी ने बताया कि वे उपेंद्र चौधरी को साथ लेकर एलआइसी कार्यालय में पैसा जमा कराने आए थे। उन्होंने उपेंद्र को काउंटर पर भेज दिया और स्वयं दूसरे कार्य में लग गए। इसी दौरान काउंटर के पास खड़े गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई।
जो उपेंद्र के दाहिने पेट और बाएं हाथ में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद गार्ड और एलआइसी कर्मियों ने घायल को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। घायल ने गार्ड पर हत्या की नियत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि गार्ड प्रवीन कुमार निवासी बनकटवा घटना के बाद बंदूक के साथ मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अनुमंडलीय अस्पताल में डॉ. शिवांगी गुप्ता ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एलआइसी कार्यालय के कर्मियों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। वहीं एसडीपीओ निहार भूषण फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है। एलआइसी कार्यालय में गोली चलने की घटना की सूचना मिलते ही एसपी रामानंद कौशल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एलआइसी कर्मियों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गार्ड के हाथ से गोली आखिर कैसे चल गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।
