April 17, 2026
image (6)

बक्सर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार को विभाग से जनशताब्दी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से मिली थी, जिसमें बताया गया था कि जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-15 कोच में एक महिला के शरीर पर बम जैसा संदिग्ध सामान लगा हुआ है। सूचना मिलते ही आरपीएफ में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। हालांकि सूचना मिलने तक ट्रेन बक्सर से पटना के लिए रवाना हो चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार द्वारा डुमरांव स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के आरक्षी राजमुकुल कुमार एवं प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को आवश्यक निर्देश दिए गए और ट्रेन के पहुंचने पर कोच की विशेष जांच का आदेश दिया गया। आदेश के अनुपालन में डुमरांव स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों ने जीआरपी के होमगार्ड जवानों और ड्यूटी पर तैनात महिला रेल कर्मचारी चंद्रावती देवी के साथ मिलकर ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक महिला, जिसकी पहचान ममता कुमारी (उम्र लगभग 29 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार, निवासी बिहिया, भोजपुर के रूप में हुई, को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। जांच में निकली शराब की बोतलें, बम की सूचना निकली गलत तलाशी के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि महिला के शरीर पर कोई बम नहीं था, बल्कि उसने अपने शरीर पर 14 अंग्रेजी शराब की बोतलें छिपा रखी थीं। प्रारंभिक सूचना के आधार पर जो वस्तु बम जैसी प्रतीत हो रही थी, वह वास्तव में शराब की बोतलें थीं। इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर बक्सर लाया गया और उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *