लूट और छिनतई की घटना को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में सोमवार की शाम वाहन जांच के दौरान मिठनपुरा के पानी टंकी चौक के समीप एक दारोगा ने बैंक मैनेजर को थप्पड़ जड़ दिया।
इसके बाद चौक पर हंगामा हो गया। बैंक मैनेजर के समर्थन में स्थानीय लोग जुट गए और विरोध जताते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मी व उग्र लोगों के बीच जमकर बहस हुई। अनियंत्रित स्थिति की सूचना पर एएसपी नगर वन सुरेश कुमार के साथ कई थानों के गश्ती पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामला शांत हुआ। बताया गया कि रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में छिनतई की पांच घटनाएं हुई थीं। इसको लेकर पुलिस शाम में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर वाहन जांच कर रही थी। जांच के दौरान पानी टंकी चौक पर पुलिसकर्मी द्वारा एक बाइक सवार को रोका गया। इसके बाद भी बाइक सवार आगे बढ़ गए। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने बाइक सवार को थप्पड़ जड़ दिया। इसका उन्होंने विरोध किया। विरोध के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप लगाया गया कि मिठनपुरा थाने के एक दारोगा द्वारा गोली मारने की धमकी दी गई। हालांकि पुलिस ने आरोप को निराधार बताया है।
