उत्पाद विभाग की टीम ने कांटी थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर स्थित आम-लीची के बगान में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब जब्त की। इस दौरान तीन धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया गया। मौके से एक बाइक भी जब्त की गई। जब्त शराब 63 कार्टन (544.320 लीटर) है। इसे उत्तर प्रदेश से मंगाया गया था। उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी से शराब की खेप मंगाकर आम-लीची के बगान में ठिकाना लगाया गया था। इसी आधार पर उन्होंने दारोगा अभिमन्यू सिंह, पूजा कुमारी और एएसआइ नीरज कुमार सिंह के साथ छापेमारी की। मुख्य धंधेबाज अंकित और सूरज फरार हो गए। जबकि तीन को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान कांटी कपरपुरा के सुनील महतो, सरमस्तपुर के प्रेम चंद्र कुमार और मोतीपुर महवल के ललन महतो के रूप में हुई है। पूछताछ कर तीनों को जेल भेज दिया गया। उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई कर आठ धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। इनमें होम डिलीवरी करने वाले भी शामिल हैं। इनके पास और ठिकाने से शराब भी जब्त की गई है। काजीमोहम्मदपुर थाना के गन्नीपुर से आदित्य कुमार और विकास कुमार को 27.75 लीटर अंग्रेजी शराब और स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। सरैया से बिट्टू कुमार और सूरज कुमार को 750 एमएल, पारू से अश्गर अली और मो. फैयाज को एक लीटर और बाइक, तुर्की सुमेरा से अभिषेक कुमार को डेढ़ लीटर बियर और मीनापुर से मुकेश राम 1.08 अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
