July 10, 2026
image (2)

म्यूटेशन के नाम पर वसूली करने का वीडियो प्रसारित होने के बाद निगम प्रशासन ने पाटलिपुत्र अंचल की राजस्व शाखा में कार्यरत दो कर्मियों, जितेंद्र कुमार और पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही इन दोनों कर्मियों और एक बाहरी व्यक्ति रिंकू कुमार के खिलाफ प्रभारी राजस्व पदाधिकारी ने कोतवाली थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इन सभी पर म्यूटेशन और प्रमाण-पत्र जारी करने के एवज में अवैध राशि मांगने का गंभीर आरोप है। गुरुवार को वीडियो प्रसारित किया गया था।
इस वीडियो में उक्त तीनों व्यक्तियों को म्यूटेशन से जुड़े मामलों के निपटारे और जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर कथित तौर पर अवैध रूप से पैसों की मांग करते और उसे लेते हुए दिखाया गया था। मामला सामने आते ही पटना नगर निगम प्रशासन ने इस पर त्वरित संज्ञान लिया और बिना किसी देरी के विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद नगर निगम ने आम नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा है कि म्यूटेशन के लिए आवेदन करने, तय शुल्क का भुगतान करने और इससे जुड़ी पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है। इस काम के लिए किसी भी आवेदक को नगर निगम कार्यालय के चक्कर काटने या किसी कर्मचारी अथवा बिचौलिये से संपर्क करने की कतई आवश्यकता नहीं है।
नागरिक केवल निर्धारित आनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही अपने आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करें और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।
यदि कोई भी कर्मचारी, अधिकारी या बाहरी व्यक्ति पैसों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत साक्ष्यों के साथ निगम प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *