मुजफ्फरपुर के रामपुरहरि थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौक के समीप शुक्रवार को मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद धर्मपुर चौक पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक को मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों द्वारा इस सड़क दुर्घटना की सूचना तुरंत रामपुरहरि थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामपुरहरि थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू की। रामपुरहरि की थानेदार अंजली कुमारी ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया और यातायात को पूरी तरह सुचारू कराया। थानेदार अंजली कुमारी के अनुसार, फिलहाल मृतक और घायलों में से किसी की भी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
