August 14, 2026
17889_1750_3

दरभंगा और मिथिला क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन के अलावा बस का विकल्प भी उपलब्ध होगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, दरभंगा की ओर से दिल्ली समेत देश के कई प्रमुख शहरों के लिए अंतरराज्यीय बस सेवाओं की सूची जारी की गई है। इन बस सेवाओं के जरिए दरभंगा और मधुबनी को अयोध्या, रांची, गुरुग्राम, धनबाद, दिल्ली, बनारस-भदोही, टाटा, कूचबिहार और देवघर जैसे शहरों से जोड़ा जाएगा।

निगम की ओर से कुल 22 डीजल बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 11 एसी और 11 नॉन-एसी बसें शामिल हैं। ऐसे में यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार बस का चुनाव कर सकेंगे।

दरभंगा से दिल्ली की करीब 1200 किलोमीटर की दूरी के लिए बस की श्रेणी के हिसाब से किराया निर्धारित किया गया है। डीलक्स बस से सफर करने वाले यात्रियों को 1700 रुपये, डीलक्स एसी के लिए 2077 रुपये और वोल्वो बस के लिए 2470 रुपये किराया देना होगा।

धार्मिक यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इन बस सेवाओं से फायदा मिलने की उम्मीद है। दरभंगा से करीब 500 किलोमीटर दूर अयोध्या के लिए डीलक्स बस का किराया 707 रुपये, डीलक्स एसी का 861 रुपये और वोल्वो बस का किराया 1025 रुपये तय किया गया है।

वहीं, मधुबनी से देवघर जाने के लिए डीलक्स बस का किराया 439 रुपये और वोल्वो बस का किराया 638 रुपये निर्धारित किया गया है। मधुबनी से रांची जाने वाले यात्रियों को बस की श्रेणी के अनुसार 672 रुपये से 975 रुपये तक किराया देना होगा।

इसके अलावा मधुबनी-टाटा और दरभंगा-धनबाद रूट पर भी बस सेवा उपलब्ध कराने की योजना है। लंबी दूरी के इन रूटों पर बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को आवागमन के लिए एक और विकल्प मिलेगा और यात्रा आसान होने की उम्मीद है।

इससे पहले यह भी जानकारी सामने आई थी कि दिल्ली सरकार बिहार के करीब 18 प्रमुख शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। दोनों राज्यों के बीच प्रस्तावित समझौते को मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली से सिर्फ पटना ही नहीं, बल्कि पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जैसे शहरों तक भी सीधे बस से पहुंचना संभव हो सकता है।

दिल्ली परिवहन विभाग ने बिहार सरकार के सामने इंटर स्टेट रिसिप्रोकल ट्रांसपोर्ट एग्रीमेंट का प्रस्ताव रखा है। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली और बिहार के बीच लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन के विकल्पों का विस्तार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *