पटना से रांची आ रहा इंडिगो का विमान सोमवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। एक पक्षी के टकरा जाने के बाद विमान हवा में सात चक्कर लगाने के बाद रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरा। इस बीच विमान पर सवार 166 यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। पायलट की. सूझबूझ से दोपहर 1.30 बजे सफलता से लैंडिंग के बाद विमान को ग्राउंडेड कर दिया। चूंकि इसी विमान को रांची से कोलकाता जाना था इसलिए आगे की उड़ान रद्द कर दी गई। बाद में कोलकाता के 70 यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट से भेजा गया।
कोलकाता जाता है विमानः यह विमान लखनऊ से पटना, रांची होते हुए कोलकाता तक जाता है। विमान जब बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के करीब पहुंचा तो एक पक्षी उससे टकरा गया। अचानक तेज आवाज हुई तो यात्रियों की सांसें अटक गईं। पायलट ने रांची एयरपोर्ट के सात चक्कर लगाने के बाद विमान को उतारा। यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारने के बाद जांच की गई तो बर्ड हिट के कारण विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया। कोलकाता के कुछ यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट से भेजे गए, जबकि कुछ ने री-शिड्यूल कराया। कुछ यात्रियों को रिफंड की सुविधा भी दी गई।
तीन से चार हजार फीट की ऊंचाई पर पर हुआ हादसा रांची एयरपोर्ट के निदेशक आरआर मौर्य ने बताया कि रांची के पास विमान से पक्षी उस समय टकराया, जब विमान तीन से चार हजार फीट की ऊंचाई पर था। पायलट को आपात स्थिति में विमान उतारना पड़ा। सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन हादसे के बाद विमान को नुकसान पहुंचा है। इंजीनियर क्षति का आकलन कर रहे हैं।
