November 19, 2026
image (1)

पटना-गया रेलखंड के नदवां स्टेशन के पास बुधवार की शाम अवैध रेल समपार पर मिट्टी लदा ट्रैक्टर फंस जाने से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. ट्रैक्टर डाउन लाइन पर फंसा था, जबकि इसी दौरान अप लाइन से एक सवारी ट्रेन गुजर गयी. संयोगवश कोई हादसा नहीं हुआ. जानकारी के अनुसार, नदवां स्टेशन से चपौर की ओर जाने वाले अवैध रेल समपार से मिट्टी लदा ट्रैक्टर गुजर रहा था. इसी दौरान उसका एक पहिया डाउन ट्रैक पर फंस गया. उस समय पटना की ओर से अप लाइन पर एक सवारी ट्रेन आ गयी. वहीं, गया से पटना जा रही डाउन लाइन की सवारी ट्रेन नदवां स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी रही. ताया जाता है कि सिग्नल मिलने के बावजूद डाउन लाइन की सवारी ट्रेन के चालक ने ट्रैक्टर के हटने तक ट्रेन आगे नहीं बढ़ायी. इस बीच तीसरी थ्रू लाइन पर पहले से खड़ी पटना जाने वाली मालगाड़ी का परिचालन भी प्रभावित रहा. सवारी ट्रेन के रवाना होने के बाद मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया. बाद में ट्रैक्टर को रेलवे ट्रैक से हटाकर नदवां बाजार की ओर ले जाया गया. नदवां स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि डाउन ट्रैक पर ट्रैक्टर के आ जाने के दौरान अप लाइन पर ट्रेन आ गयी थी. इसकी जानकारी ट्रेन के गार्ड ने स्टेशन को दी थी. ट्रैक्टर हटने के बाद नदवां बाजार की ओर चला गया. उन्होंने कहा कि इससे ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा. वहीं, जीआरपी प्रभारी ने ऐसी किसी घटना की जानकारी अपने संज्ञान में होने से इनकार किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *