May 4, 2026
WhatsApp Image 2026-05-04 at 10.13.15 AM

शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के ललित भवन के पास रविवार की सुबह सड़क किनारे कचरे के ढेर में किशोरी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। श्वान दस्ते को भी बुला लिया गया। कपड़े पर घसीटने के दाग दिखे। ऐसा लग रहा था कि उसे कहीं से घसीटकर यहां लाया गया हो। उसकी हथेली में मेहंदी लगी थी और गले पर जख्म के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि किशोरी की कहीं और हत्या कर सुनसान जगह देखकर शव को यहां ठिकाने लगा दिया गया। सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत
कुमार ने बताया कि शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसकी उम्र 17 से 20 साल के बीच होगी।
देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। आसपास के थानों में तस्वीर भेजी गई है। सीसीटीवी फुटेज को भी देखा जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।
एक किलोमीटर घूमकर वापस घटनास्थल पर पहुंच गई लिली रविवार की सुबह स्थानीय लोग मार्निंग वाक के लिए निकले थे। तभी कुछ लोगों की
नजर शव पर पड़ी। किसी ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने लगी। डाग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। डाग स्क्वायड में शामिल लिली (मादा
श्वान) शुरू में मेन रोड के आसपास भटकती रही। सड़क किनारे उसने सर्च किया। इसी दौरान एक गली में वह चली गई। गली के दोनों ओर झाड़ियां थीं। श्वान दस्ता को लगा कि इस गली
में कुछ सुराग जरूर मिलेगा, पर लिली जिस रास्ते से गली में गई थी, उसी रास्ते से घटनास्थल के पास पहुंच गई। श्वान दस्ता ने दो बार करीब एक किलोमीटर तक सर्च किया।

रात 12 से सुबह पांच बजे तक का देखा जा रहा फुटेज

पुलिस ने जहां से शव बरामद किया वहां से कुछ ही दूरी पर एक पूर्व मंत्री का आवास है। घटनास्थल के पास कुछ दूरी तक अंधेरा रहता है। पुलिस यहां के लिंक रोड का फुटेज देख रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस पता कर रही है कि रात 12 से सुबह पांच बजे तक यहां से कौन-कौन सी गाड़ियां गुजरी हैं? संदेह है कि किशोरी के शव को कहीं और से उठाकर लाया गया है? पुलिस लड़की की पहचान करने में जुटी है।

कचरे के ढेर में पड़ा था शव, सलवार सूट में थी किशोरी

जहां शव मिला, वहां कचरा पड़ा हुआ था। आधा चेहरा फेंके गए कचरे में दबा था। सलवार सूट में शव देखकर लग रहा कि वो किसी मध्यमवर्गीय परिवार की रही होगी। ऐसा लग रहा है कि उसे घसीटा गया है और फिर फेंक दिया गया हो। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आइजीआइएमएस भेज दिया। पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि उसकी मौत कैसे और कब हुई थी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *