नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. दक्षिण पूर्व रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों व यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए टाटानगर से आनंद विहार टर्मिनल तक जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. यह विशेष ट्रेन 23 मई को टाटानगर से रवाना होगी, जबकि वापसी में आनंद विहार टर्मिनल से 25 मई को खुलेगी।दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक कार्यालय, गार्डेन रीच, कोलकाता की ओर से जारी आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 08183/08184 टाटा-आनंद विहार-टाटा जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन का परिचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा।
इस ट्रेन में विशेष किराया लागू रहेगा. रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 23 मई की रात 12.30 बजे टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी. यह ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज व गोविंदपुरी स्टेशनों पर ठहराव करते हुए 24 मई की सुबह करीब 3.30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार-टाटानगर स्पेशल ट्रेन 25 मई की रात 1.45 बजे आनंद विहार टर्मिनल से खुलेगी व अलग-अलग स्टेशनों पर रुकते हुए 26 मई की रात 12.15 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी. गर्मी के मौसम और छुट्टियों के दौरान दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों से झारखंड-बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है।
नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन का निर्णय लिया गया है जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है. रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में 22 कोच लगाए जाएंगे जिनमें स्लीपर, सामान्य व वातानुकूलित श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिल सके. ट्रेन की सफाई और रखरखाव की भी विशेष व्यवस्था की गई है. रेलवे ने यात्रियों से समय पर टिकट बुक कराने व यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी की पुष्टि कर लेने की अपील की है।
