टाटा मोटर्स के कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आधुनिक परिवहन सुविधा की सौगात मिली। कंपनी ने सामान्य बसों की जगह सात नई इलेक्ट्रिक एसी बसों का परिचालन शुरू किया है। इससे कर्मचारियों को ड्यूटी आने-जाने में आरामदायक, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त सफर की सुविधा मिलेगी।
टेल्को स्थित सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम से कंपनी प्रबंधन और यूनियन के शीर्ष पदाधिकारियों ने सात ईवी एसी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह समेत कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बसों के शुभारंभ के बाद अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने स्वयं बस में सफर कर कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वातानुकूलित बसों से गर्मी और उमस में कर्मचारियों को राहत मिलेगी। वहीं, इलेक्ट्रिक बसों से कार्बन उत्सर्जन और प्रदूषण में कमी आएगी।
फिलहाल सात बसों का परिचालन टेल्को कॉलोनी के विभिन्न सेक्टरों और आंतरिक मार्गों पर शुरू किया गया है। कंपनी की योजना आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार करने की है। नई परिवहन व्यवस्था को पर्यावरण संरक्षण के साथ कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
