August 17, 2026
images (1)

महुआ थाना क्षेत्र के कुशहर पेट्रोल पंप के पास स्थित एक लाइन होटल में रविवार देर रात खाने के पैसे को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि 6 से 7 राउंड फायरिंग कर दी गई। गोलीबारी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, घायलों की पहचान छतवारा गांव निवासी 56 वर्षीय सतीश कुमार गुप्ता, पिता स्व. रामपरीछन साह और 33 वर्षीय राजीव कुमार, पिता स्व. प्रफुल साह के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रविवार देर रात कुछ लोग लाइन होटल में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद बिल के भुगतान को लेकर होटल संचालक और ग्राहकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी और इसी दौरान फायरिंग कर दी गई।

होटल के पास दुकान चलाने वाले रंजन कुमार ने बताया कि खाना खाने के बाद कुछ लोगों का रुपए को लेकर विवाद हो गया था। मारपीट के दौरान ही गोलियां चलने लगीं, जिसमें उनके चाचा और भाई घायल हो गए। रंजन के अनुसार, फायरिंग करने वाले युवकों को वह चेहरे से पहचानते हैं, लेकिन उनके नाम की जानकारी नहीं है।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू कर दी।

महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि होटल संचालक समेत वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। फायरिंग किसने की और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *