July 12, 2026
image

बगहा पुलिस जिला के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित हरनाटांड़ के एक निजी विद्यालय सह छात्रावास में रह रहे 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राज किशोर शर्मा के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह प्रिंस का शव हॉस्टल के बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि बीती शाम विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ मारपीट की थी।
उनका दावा है कि प्रिंस के शरीर, विशेषकर आंख और पीठ के पिछले हिस्से पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया।
पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *