May 15, 2026
image (7)

राजधानी पटना में गुरुवार शाम हुए ब्लैकआउट के दौरान अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट के समीप 35 वर्षीय मसाला कारोबारी पिंटू कुमार उर्फ बड़का की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना उस समय हुई जब सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के तहत इलाके में ब्लैकआउट किया गया था और चारों ओर अंधेरा पसरा हुआ था। अचानक चली गोली से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने कारोबारी के सिर में बेहद करीब से गोली मारी। गोली लगते ही पिंटू कुमार सड़क पर गिर पड़े।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर आसपास की गलियों से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही मंडी इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों ने गंभीर रूप से घायल कारोबारी को तुरंत इलाज के लिए पीएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि शाम सात बजे से मॉक ड्रिल के तहत ब्लैकआउट शुरू हुआ था। इसी दौरान अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया।
सुलतानगंज थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि कारोबारी को शाम 7 बजकर 2 मिनट पर गोली मारी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पुराने विवाद, आपसी रंजिश और कारोबारी गतिविधियों समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुई इस हत्या के बाद कारोबारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

लोगों का कहना है कि ब्लैकआउट जैसी स्थिति का फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *