May 15, 2026
image (4)

नारदीगंज थाना क्षेत्र के पंचाने नदी के समीप बुधवार की देर शाम में बालू खनन के विरुद्ध छापेमारी को पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने ट्रैक्टर समेत चालक को पकड़ने का प्रयास किया इसी क्रम में एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।इस बीच बालू माफिया वहां से भाग निकला। नवादा के किसी निजी अस्पताल में इलाज के बाद जख्मी पुलिस कर्मी को पटना रेफर किया गया है। इस बारे में नवादा एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि मधुबन के पास पुलिस टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी। इसी में एएसआई नागेंद्र कुमार जख्मी हुए हैं। नवादा में प्रारंभिक इलाज के बाद पटना भेजा गया है। उनके स्वजन को सूचना दे दी गई है। जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र में बालू घाट पर रंगदारी को लेकर हथियारबंद बदमाशों ने एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया। घटना धनवारा गांव के समीप की बताई जा रही है। बदमाशों ने ट्रक चालक और उप चालक को हथियार के बल पर नीचे उतारकर ट्रक में पेट्रोल छिड़क आग लगा दी तथा कई राउंड हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।

जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या BR-27G-9365 का चालक अरविंद यादव और उप चालक राहुल कुमार कुंज बालू घाट ब्लाक नंबर-04 से बालू लोड कर लौट रहे थे। इसी दौरान पांच से छह की संख्या में रहे नकाबपोश बदमाशों ने ट्रक रोक लिया। चालक और उप चालक को नीचे उतारने के बाद बदमाशों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक का अगला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद चालक ने ट्रक मालिक पचगामा निवासी उदय कुमार को सूचना दी। सूचना मिलते ही नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

बताया जाता है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर पहले भी कुछ बदमाशों ने ट्रक रोककर चालक से 200 रुपये रंगदारी मांगी थी। चालक द्वारा 500 रुपये देने पर बदमाशों ने 300 रुपये वापस कर दिए थे।

इस मामले में ट्रक मालिक के बयान पर नेमदारगंज थाने में कांड संख्या-187/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच-छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रंगदारी, आगजनी एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *