September 9, 2026
images

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी कास्टिंग को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। अब रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी इस चुनाव पर अपनी आपत्ति जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ‘एनिमल’ (2023) में रणबीर की छवि देखने के बाद उन्हें अभिनेता को राम के रूप में स्वीकार करना मुश्किल लगता है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनकी टिप्पणी रणबीर की अभिनय क्षमता को लेकर नहीं, बल्कि उनकी पर्दे पर बनी छवि को लेकर है।

रिपोर्ट के मुताबिक, शिव सागर ने कहा कि फिल्म की बाकी कास्टिंग उन्हें पसंद आई है, लेकिन रणबीर को राम के रूप में देखना उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर मुश्किल है। उनका मानना है कि इस भूमिका के लिए किसी नए चेहरे को चुना जाना चाहिए था। उन्होंने यह भी संभावना जताई कि रणबीर को फिल्म की मार्केटिंग रणनीति के तहत चुना गया हो, क्योंकि उनकी स्टार पावर से फिल्म को लेकर चर्चा बढ़ती है।

शिव सागर ने ‘रामायण’ में सीता के किरदार में साई पल्लवी और रावण की भूमिका में यश की कास्टिंग की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि साई पल्लवी जैसे कलाकारों को लिया जा सकता है, जिनकी कोई विवादित पुरानी छवि नहीं है। हालांकि, उन्होंने माना कि आखिरकार फैसला दर्शकों का ही होगा। अगर जनता रणबीर को राम के रूप में पसंद करती है, तो उनकी व्यक्तिगत राय मायने नहीं रखेगी। उनके मुताबिक, ‘जनता ही राजा है’ और अंतिम फैसला भी वही करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *