May 26, 2026
image (1)

संपतचक नगर परिषद अंतर्गत शाहपुर वार्ड नंबर 6 में गुरुवार को घर से करीब 500 मीटर दूर युवक पिंटू ठाकुर (36 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया गया। युवक की पहचान स्थानीय निवासी कृष्ण ठाकुर के पुत्र पिंटू ठाकुर के रूप में हुई है। वह 90 फीट इलाके में सैलून चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्वजन और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि पिंटू ठाकुर की गला दबाकर बदमाशों ने हत्या कर दी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। लोगों का आक्रोश देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थानीय लोग आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और श्वान दस्ता को भी मौके पर बुलाया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *