September 25, 2026
image

कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज है। मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों में से एक को गुरुवार को मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अन्य गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध भी विधि-सम्मत कार्रवाई में जुटी है। मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद अब आरोपितों की कोर्ट में पेशी को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के समीप सड़क पर लड़की के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो बुधवार देर शाम इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही तकनीकी जांच शुरू की गई।
घटनास्थल की पहचान जगतसिंहपुर बांध के समीप सड़क के रूप में की गई। इसके बाद आरोपितों की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, वीडियो सामने आने की सूचना के करीब छह घंटे के भीतर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। वीडियो में तीन-चार युवक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की पहचान स्थापित होने का इंतजार किए बिना पुलिस पदाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की। कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26 में भारतीय न्याय संहिता, पाक्सो एक्ट और आइटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है। उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास जारी है। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने लोगों से वीडियो को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कंटेंट साझा नहीं किया जाए, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो। पुलिस वीडियो के स्रोत और उसके प्रसार की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *