September 9, 2026
PTI09092026000118B

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय रायबरेली प्रवास के दूसरे दिन बुधवार काे भुएमऊ आवास में जनता दरबार लगाया। इस दौरान सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे।

जनता दरबार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों और विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी से मुलाकात की और स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी और कहा कि 2029 में उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प महिलाओं ने लिया है।

सुल्तानपुर कांग्रेस के उपाध्यक्ष जनार्दन शुक्ल भी राहुल से मिले और उन्हें संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिया। इसके अलावा मनोवैज्ञानिक रूमा प्रवीण ने राहुल से मिलकर रायबरेली की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा उठाया। समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अखिलेश माही ने भी राहुल से मिलकर रायबरेली के सपा कार्यकर्ताओं का समर्थन जताया और कारगिल शहीद राजेंद्र यादव के नाम से एक चौराहे का नामकरण करने की मांग की।

रायबरेली ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष राममोहन श्रीवास्तव ने रायबरेली में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने की मांग की। इसके पहले राहुल गांधी ने सर्राफा व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और जीएसटी के मुद्दे को लोकसभा में उठाने का भरोसा दिया। इसके अलावा कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की और संगठन को लेकर चर्चा की। राहुल गांधी से मिलने वालों की भारी भीड़ रही। राहुल आज सांसद निधि से 3 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही रायबरेली कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला निगरानी एवं अनुश्रवण समिति(दिशा) बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *