पटना में एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाश घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। दोनों पर हत्या, लूट और रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं। राजधानी पटना से करीब 25 किलोमीटर दूर बिहटा में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में दो कुख्यात अपराधियों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। घायल अपराधियों की पहचान विदेशी राय और पप्पू राय के रूप में हुई है, जिन पर पटना और आसपास के इलाकों में हत्या, लूट और रंगदारी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सूचना के आधार पर पटना एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि दोनों अपराधी किसी बड़ी वारदात की फिराक में बिहटा के आनंदपुर बांध के पास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के रोकने की कोशिश पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में एसटीएफ ने भी कार्रवाई की। इसी दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधियों को पहले बिहटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों अपराधी ‘सुपारी किलर’ की तरह काम करते थे और कई मामलों में वांछित थे। पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी। घटना के बाद वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
