August 19, 2026
image

राजधानी के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित बुद्धा डेंटल कॉलेज मंदिर के पीछे एक किराये के मकान में औषधि नियंत्रण प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सागर प्रसाद उर्फ गूगू मौके से फरार हो गया. प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि वह नेपाल से नशीले इंजेक्शन लाकर पटना समेत आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था. स्टेट ड्रग कंट्रोलर नित्यानंद क्रिश्लय के निर्देशन में गठित टीम में ड्रग इंस्पेक्टर ब्रज मोहन प्रसाद, अनिल कुमार साह और परवेज शामिल थे. पुलिस के सहयोग से की गई छापेमारी में किराये के मकान से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए. जांच में सामने आया कि आरोपी सागर प्रसाद केपी रंजन के मकान में किराये पर रहकर अवैध कारोबार संचालित कर रहा था. बरामद इंजेक्शनों में एनआरएक्स, बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड, एविल और रेक्सोजेसिक इंजेक्शन शामिल हैं, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है.
स्टेट ड्रग कंट्रोलर नित्यानंद क्रिश्लय ने बताया कि बिहार में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई और शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी नेपाल से इंजेक्शन लाकर पटना में ऊंचे दामों पर बेचता था. उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. साथ ही उसके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. विभाग का दावा है कि इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *