July 13, 2026
bihar (2)

गोलमुरी स्थित मिथिला सांस्कृतिक परिषद परिसर में रविवार को परिषद की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। आमसभा में परिषद के 356 आजीवन सदस्यों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार झा, पूर्व अध्यक्षों एवं अन्य गणमान्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा महाकवि विद्यापति के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। स्वास्तिवाचन पंडित विपिन झा एवं भगवती वंदना शंकर झा ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार झा (सिदगोड़ा) ने किया, जबकि कार्यवाही का लेखन गोपाल चंद्र झा (आदित्यपुर) ने किया। सहायक महासचिव शिव चंद्र झा ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद सहायक महासचिव राजेंद्र कुमार कर्ण ने वर्ष 2025 की आमसभा की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे सदन ने ध्वनिमत से अनुमोदित किया।

अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने अध्यक्षीय संबोधन में परिषद की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, वहीं महासचिव धर्मेश कुमार झा ने वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार झा ने वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। आमसभा में पंकज कुमार राय ने तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। पहला प्रस्ताव अध्यक्ष एवं महासचिव को आवश्यक कार्यों के लिए 50 हजार रुपये तक की राशि व्यय करने, जिसे बाद में कार्यकारिणी से अनुमोदित कराया जाएगा। दूसरा प्रस्ताव कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष करने तथा तीसरा प्रस्ताव सदस्य नामांकन शुल्क 1,100 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने का था। तीनों प्रस्तावों को आमसभा ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके बाद परिषद के विकास एवं भावी योजनाओं को लेकर आजीवन सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए। सदस्यों ने कई रचनात्मक सुझाव दिए, जिन पर नई कार्यकारिणी विचार करेगी।

द्विवर्षीय कार्यकाल पूरा होने पर अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए अशोक झा ‘अविचल’, सरोज कांत झा एवं दीपक कुमार झा को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। चुनाव पर्यवेक्षक अशोक झा ‘अविचल’ ने घोषणा की कि वर्ष 2026-29 की नई कार्यकारिणी का चुनाव 2 अगस्त 2026 को कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम एवं नामांकन संबंधी विस्तृत सूचना बाद में जारी की जाएगी। अंत में परिषद के उपाध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *