जेएसए फुटबॉल लीग में शुरुआती मुकाबलों में ड्रॉ खेलने के बाद जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) की यूथ और रिजर्व टीम इस सप्ताह फिर मैदान में उतरेंगी। दोनों टीमें जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से खेलेंगी। ए डिवीजन ग्रुप-ए में जेएफसी यूथ टीम का मुकाबला 24 जून को सिद्धू कान्हू फुटबॉल अकादमी से होगा। टीम अपने पहले मैच में विजन एपेक्स फुटबॉल क्लब के खिलाफ 1-1 की बराबरी पर रुकी थी। मुकाबले में शुरुआती गोल खाने के बाद जेएफसी यूथ ने शानदार वापसी करते हुए मार्शल हेंब्रम के दूसरे हाफ में किए गए गोल की बदौलत एक अंक हासिल किया था।
पहले मैच में संघर्षशील प्रदर्शन करने वाली युवा टीम अब उस लय को जीत में बदलने की कोशिश करेगी। कोचिंग स्टाफ को उम्मीद है कि खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे और पूरे तीन अंक हासिल करेंगे। वहीं, प्रीमियर डिवीजन में जमशेदपुर एफसी रिजर्व टीम का सामना 25 जून को ग्रामीण फुटबॉल अकादमी से होगा। रिजर्व टीम अपने पहले मैच में आदिवासी ग्रीन स्पोर्टिंग क्लब के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ पर संतोष करने को मजबूर हुई थी।
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए उस मुकाबले में जेएफसी रिजर्व ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और कई अवसर भी बनाए, लेकिन टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। एल्विन ईशान खाइरियन और हीरांगनबा सेराम ने आक्रमण में प्रभावी खेल दिखाया, जबकि गोलकीपर रितब्रत ने कई महत्वपूर्ण बचाव कर टीम को क्लीन शीट दिलाई। अब दोनों टीमों की नजर आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करने और लीग अभियान को मजबूती देने पर होगी।
