May 22, 2026
FOOTBALL (2)

इंडियन सुपर लीग में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का इस बार का सफर निराशाजनक ड्रा के साथ खत्म ह हो गया. जेएफसी का इसके साथ ही खिताबी सपना भी टूट गया। इंडियन सुपर लीग में बुधवार को जेआरडी टाटा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब व ओडि़शा एफसी के बीच मैच खेला गया जिसमें मैच 0-0 से ड्रा रहा. घरेलू दर्शकों के जोरदार समर्थन के बीच जेएफसी ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. शुरुआती मिनटों से ही टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा व लगातार ओडि़शा एफसी के गोलपोस्ट पर दबाव बनाया. सनन मोहम्मद व मेसी बाउली ने अपनी गति व मूवमेंट से विपक्षी रक्षा पंक्ति को कई बार परेशान किया. पहले हाफ में जेएफसी को कई अच्छे मौके मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी. करीब आधे घंटे के खेल के बाद सनन व मेसी बाउली ने बेहतरीन तालमेल दिखाया, मगर अंतिम क्षणों में फिनिशिंग की कमी साफ नजर आयी. 37वें मिनट में टीम गोल करने के बेहद करीब पहुंची, जब मादिह तलाल की खतरनाक फ्री-किक बॉक्स के अंदर पहुंची।

गेंद अनुकूल स्थिति में होने के बावजूद सनन उस पर सही नियंत्रण नहीं बना सके और सुनहरा मौका निकल गया. हाफ टाइम से ठीक पहले लल्लियांजुआला छांग्ते ने लंबी दूरी से शानदार शॉट लगाया, लेकिन ओडिशा के गोलकीपर ने बेहतरीन उड़ता हुआ बचाव कर टीम को बढ़त लेने से रोक दिया. दूसरे हाफ में भी मैच का रुख ज्यादा नहीं बदला. जेएफसी लगातार गोल करने के प्रयास में जुटी रही, जबकि ओडि़शा एफसी की टीम रक्षात्मक रणनीति अपनाकर मुकाबले को नियंत्रित करने में जुटी रही. जेएफसी के मेसी बाउली व मो. सनन ने कई प्रयास किए, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से बाहर निकलती रहे. 80वें मिनट में रेई ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाया, जो मामूली अंतर से लक्ष्य से चूक गया।

इस मौके पर पूरा स्टेडियम एक पल के लिए स्तब्ध रह गया. लगातार दबाव व बेहतर प्रदर्शन के बावजूद जेएफसी निर्णायक गोल नहीं कर सकी व मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ. इस ड्रॉ के साथ जेएफसी के कोच ओवेन कोयले की  टीम ने 22 अंकों के साथ लीग अभियान का समापन पांचवें स्थान पर किया, हालांकि टीम खिताब की दौड़ से बाहर हो गई, लेकिन पूरे मैच में खिलाडिय़ों ने जुझारूपन व आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर घरेलू समर्थकों का दिल जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *