August 27, 2026
222222

नेपाल में बाढ़ की बिगड़ती स्थिति के बीच समस्तीपुर रेल मंडल ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के सीमावर्ती रेलखंडों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर रेलवे ट्रैक, पुलों और संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है।

बाढ़ के कारण जलस्तर में बढ़ोतरी होने पर रेल परिचालन प्रभावित हो सकता है। रेलवे ने निर्देश दिया है कि ट्रैक या पुल की सुरक्षा पर जरा भी खतरा महसूस होने पर संबंधित ट्रेनों को तत्काल रोका या उनकी गति और परिचालन को नियंत्रित किया जाए।

रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी, ट्रैकमैन और पुलों की देखरेख करने वाले कर्मचारी अलर्ट मोड पर हैं। टीमें जलस्तर और रेल पटरियों की स्थिति में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रख रही हैं। किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देने को कहा गया है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के जिला प्रशासन तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग के साथ समन्वय मजबूत किया है। इसका मकसद किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत निर्णय लेकर रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

रेल प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फिलहाल चंपारण के रेलखंडों पर निगरानी जारी है और मौसम व जलस्तर के आधार पर आगे जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *