शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की मछली गली स्थित एक किराये के मकान में छात्रा को बुलाकर दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपित ने उसपर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद से आरोपित फरार है।
गंभीर रूप से घायल पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर अस्पताल पहुंची, जहां उसका उपचार चल रहा है। सचिवालय एसडीपीओ साकेत कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
IGIMS में हुई थी मुलाकात
पीड़िता पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती है। एक निजी नर्सिंग होम में पार्ट-टाइम नौकरी करती है। एक साल पहले वह आइजीआइएमएस में डेटा ऑपरेटर के पद पर अस्थाई रूप से कार्यरत थी। तब उसकी मुलाकात मधेपुरा निवासी आरोपित से हुई थी। वह भी वहां डेटा ऑपरेटर था। साथ काम करने के दौरान दोनों में दोस्ती हुई। इस बीच आरोपित ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया।
इसके बाद आरोपित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत करने का प्रयास किया। कुछ समय बाद छात्रा ने नौकरी छोड़ दी। फिर वह पटना में ही एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने लगी। शादी की बात करने पर हाथापाई
बुधवार को आरोपित ने उसे मिलने के बहाने शास्त्रीनगर की मछली गली स्थित अपने किराये के कमरे पर बुलाया। वहां एक बार फिर जब छात्रा ने शादी की बात छेड़ी तो दोनों में बहस हो गई। इसके बाद आरोपित जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो मनीष ने कमरे में रखे चाकू से उसके गर्दन, कंधे व हाथ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
छात्रा लहूलुहान होकर गिर पड़ी। आरोप है कि हमले के बाद आरोपित ने घायल हालत में दुष्कर्म किया। इधर पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
वारदात के बाद से ही आरोपित अपने किराये के कमरे से फरार है। वह शुक्रवार को अपनी ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचा। पुलिस की टीमें उसके ठिकानों पर दबिश दे रही हैंl
