बिष्टुपुर क्यू रोड स्थित आंध्र भक्त कोलाटा समाजम (पंजीकृत-921) की वार्षिक आमसभा (एजीएम) रविवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सीएच शंकर राव ने की। सभा में आगामी 103वें गणेश महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से सीएच शंकर राव समेत पूरी कार्यकारिणी को पुनः निर्वाचित किया गया।
महासचिव एन. भास्कर राव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष एन. महात्मा राव ने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 का आय-व्यय विवरण रखा, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
सभा में निर्णय लिया गया कि संस्था का 103वां गणेश महोत्सव 14 से 23 सितंबर 2026 तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में कल्पनिक मंदिर का भव्य मॉडल तैयार किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। पारंपरिक दक्षिण भारतीय वाद्ययंत्र ‘नागेश्वरम’ की प्रस्तुति के लिए विशेष कलाकार तथा पुरोहित दक्षिण भारत से आमंत्रित किए जाएंगे। दसवें दिन 23 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान से बिष्टुपुर बोधनवाला घाट, खरकई नदी में विसर्जन किया जाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीएच शंकर राव ने कहा कि सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें दोबारा जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से तन, मन और धन से सहयोग कर गणेश महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।
बैठक की शुरुआत संस्था के तीन दिवंगत वरिष्ठ सदस्यों बेसेट्टी सरस्वती, मोकरा वेंकटेश और अल्वा रवि मोहन को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
नई कार्यकारिणी
अध्यक्ष: सीएच शंकर राव
कार्यकारी अध्यक्ष: एम. भास्कर राव
महासचिव: एन. भास्कर राव
उपाध्यक्ष: एम. प्रकाश राव, पी. बाला मुरली कृष्ण, मोकरा श्रीनिवास राव
संयुक्त सचिव: के. शिव प्रसाद, कैलाश रामू एवं वद्दादि नरेश।
