Begusarai News: बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बालिका गृह से पांच नाबालिग बालिकाओं के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित स्थानों पर छापेमारी के साथ तकनीकी माध्यमों से उनकी तलाश में जुटी हैं।
रविवार सुबह मिली सूचना, CCTV फुटेज की हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि बालिका गृह में रह रही पांच नाबालिग बालिकाएं बिना किसी जानकारी के परिसर से चली गई हैं। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बालिकाएं किस दिशा में और किस समय निकलीं।
एसपी मनीष ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष स्वयं बालिका गृह पहुंचे। उन्होंने वार्डन और कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी ली। साथ ही एसडीपीओ सदर-01 और रतनपुर थाना पुलिस को बालिकाओं की जल्द और सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस ने जिले के सभी थानों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट जारी कर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। इसके अलावा जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) और बाल कल्याण समिति (CWC) के साथ समन्वय स्थापित कर खोज अभियान को तेज किया गया है। सर्विलांस और तकनीकी टीमें मोबाइल डेटा व अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से बालिकाओं की लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं।
पुलिस का कहना है कि पांचों नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले में हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
