April 30, 2026
image (2)

कंबोडिया के साइबर फ्राड गिरोह को मोबाइल सिम मुहैया कराने में केवटी थानाक्षेत्र के रनवे वार्ड नंबर 12 निवासी सीएचसी संचालक विवेक कुमार महतो को साइबर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
उसके पास से एयरटेल कंपनी के 36 ब्लैंक सिम, दो मोबाइल और बायोमीट्रिक डिवाइस बरामद किया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। बताया जाता है कि आर्थिक अपराध इकाई की सूचना पर साइबर थाने की पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमारी की। जहां से विवेक को दबोच लिया गया। उसके द्वारा अलग-अलग लोगों के नाम से निकाले गए 34 सिम कंबोडिया के साइबर अपराधियों को मुहैया कराया गया है। इसमें तीन नंबर पर साइबर क्राइम पोर्टल पर मामला दर्ज है।
साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी बिपिन बिहारी ने बताया कि जांच के दौरान एक मोबाइल सिम धारक केवटी की रवीना खातून से पूछताछ की गई। जानकारी मिली कि वह तीन साल पहले आरोपित विवेक के केंद्र पर राशन कार्ड अपडेट कराने गई थी। जहां उसकी तस्वीर और आधार कार्ड लिया गया। इस दौरान वह बायोमीट्रिक से फिंगर प्रिंट देकर घर लौट गई। उसके नाम से सिम निर्गत हो गया, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। उधर, आरोपित ने भी स्वीकार किया इसी तरह से उसने कई लोगों को गुमराह कर सिम एक्टिवेट कर ऊंची कीमत में बेचने का काम किया है। हालांकि, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इस गिरोह से उसका संपर्क कैसे हुआ, इस धंधे से उसने कितनी संपत्ति अर्जित की है, आदि की जानकारी पुलिस जुटाने में जुटी है। विवेक अपने सीएचसी के माध्यम से आधार कार्ड से राशन कार्ड आदि बनाने व अपडेट करने के साथ मोबाइल सिम, मोबाइल बेचने का काम करता है। उधर, इसी मामले से जुड़े साइबर थाने की पुलिस ने 31 अक्टूबर 2025 को बहेड़ा थानाक्षेत्र के बलहा गांव में छापेमारी कर रौशन झा को गिरफ्तार किया था। वह अपने घर पर रौशन इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल की दुकान चलाता था।

जबकि, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कोरथू निवासी अभिषेक इंटरप्राइजेज के संचालक अभिषेक कुमार ठाकुर फरार चल रहा है। जिसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी चल रही है।

बता दें कि इन दिनों कंबोडिया अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट का एक बड़ा सेंटर है। जहां से नौकरी के बहाने लोगों को बुलाकर जबरन साइबर ठगी करवाते हैं। भारत सरकार की सूचना पर फरवरी 2026 में कंबोडिया में 200 स्कैम सेंटर्स को बंद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *