May 4, 2026
WhatsApp Image 2026-05-04 at 9.49.31 AM

जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। रतनपुरा के पास खड़ी ट्रक में पीछे से कार के टकरा जाने से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मृतकों में मोतीपुर के साढा डम्बर निवासी 35 वर्षीय कृष्णा राय और 17 वर्षीय छोटू कुमार की पहचान हो चुकी है। जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *