June 3, 2026
bihar

दृढ़ संकल्प, आस्था और साहस के बल पर राहरगोड़ा निवासी युवा राइडर आशीष झा और उनके साथी विष्णु शर्मा ने एक अनूठी उपलब्धि हासिल की है। दोनों ने बुलेट मोटरसाइकिल से 28 दिनों में देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पूरी कर सुरक्षित जमशेदपुर वापसी की है। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की शहर में सराहना हो रही है।

आशीष झा ने बताया कि उन्होंने 3 मई को जमशेदपुर से अपनी यात्रा शुरू की थी। इस दौरान दोनों ने लगभग 12,225 किलोमीटर का सफर तय किया। यात्रा के क्रम में उन्होंने सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, घृष्णेश्वर, त्र्यंबकेश्वर और भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए।

यात्रा आगे बढ़ाते हुए दोनों गुजरात पहुंचे, जहां उन्होंने सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग में माथा टेका। इसके बाद आंध्र प्रदेश स्थित मल्लिकार्जुन तथा तमिलनाडु के रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग में दर्शन-पूजन किया। अंत में उत्तराखंड पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर अपनी ज्योतिर्लिंग यात्रा पूर्ण की।

रुड़की के पास हादसा, सेफ्टी जैकेट बनी सुरक्षा कवच

आशीष ने बताया कि रामेश्वरम से केदारनाथ की ओर जाते समय रुड़की के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सड़क संकरी होने के कारण उनकी बुलेट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके हाथ में चोट आई, लेकिन सेफ्टी जैकेट पहनने की वजह से गंभीर चोट से बचाव हो गया और बड़ा हादसा टल गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन सर्विस सेंटर के सहयोग से तुरंत दूसरी बुलेट की व्यवस्था कर दी गई। इसके बाद दोनों ने अपनी यात्रा जारी रखी और 27 मई को बाबा केदारनाथ के दर्शन किए।

लोगों के सहयोग ने बनाया सफर आसान

आशीष और विष्णु ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों में स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला। रहने, खाने-पीने और मार्गदर्शन में लोगों ने मदद की, जिससे उनकी धार्मिक यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हो सकी।

दोनों युवाओं ने अपनी इस यात्रा को बाबा भोलेनाथ की कृपा और आशीर्वाद का परिणाम बताया। उनकी इस उपलब्धि ने शहर के युवाओं के बीच साहस, अनुशासन और आस्था का प्रेरणादायक संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *