July 15, 2026
image (2)

वैशाली जिले में रविवार सुबह जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपने चाचा और भारतीय सेना में कार्यरत चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मुनरिक राय और उनके 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार राय के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान थे और छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के बीच लंबे समय से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मुनरिक राय के भतीजे ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें मुनरिक राय और उनके बेटे जितेंद्र कुमार राय को गोली लग गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। ग्रामीणों के अनुसार, मुनरिक राय पिछले पंचायत चुनाव में मुखिया पद के प्रत्याशी रह चुके थे। वहीं, सेना के जवान जितेंद्र कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *